चोरी कर भाग रही महिला को ग्रामीणों ने पकड़ा, हाथ जोड़कर मांगती रही माफी

जिले के साठी थाना क्षेत्र की परोराहा पंचायत के मूसहरवा गांव के वार्ड नंबर-4 में बुधवार रात चोरी की घटना से हड़कंप मच गया। किशोर यादव के घर से उनकी बेटी की शादी के लिए रखे गए गहने और करीब एक लाख रुपये नकद चोरी होने की बात सामने आई है।

बताया जा रहा है कि बुधवार रात एक महिला कथित तौर पर किशोर यादव के घर में घुसी। इसके बाद कमरे में रखे ट्रंक को खोलकर उसमें रखे शादी के गहने और नकदी निकालकर वह बाहर निकलने लगी। इसी दौरान ग्रामीणों की नजर महिला पर पड़ गई।

महिला को चोरी के सामान के साथ भागते देख ग्रामीणों ने उसका पीछा किया और मूसहरवा चौक के पास उसे पकड़ लिया। इसके बाद ग्रामीण महिला को वापस किशोर यादव के घर ले आए।

ग्रामीणों के अनुसार, पकड़े जाने के बाद महिला बार-बार हाथ जोड़कर माफी मांगती रही। घटना के बाद मौके पर काफी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। मामले की सूचना पुलिस को दिए जाने की बात भी सामने आई है।

चोरी की घटना के बाद गांव में चर्चा का माहौल बना हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और महिला से पूछताछ के बाद चोरी की घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।