धनबाद के झरिया में एक बार फिर भू-धंसान की घटना से हड़कंप मच गया है। लोदना क्षेत्र के बरारी छह नंबर बस्ती में गुरुवार को जोरदार धमाके के साथ अचानक जमीन धंस गई। घटना के बाद जमीन पर गहरी दरारें पड़ गईं और इन दरारों से धुआं निकलने के साथ आग की लपटें भी दिखाई दीं। अचानक हुई इस घटना से आसपास रहने वाले लोगों में दहशत का माहौल है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, जमीन धंसने के बाद मौके पर जहरीला धुआं निकलने लगा। लोगों ने आशंका जताई कि जमीन के नीचे आग और जहरीली गैस का खतरा हो सकता है। घटना के बाद लोग सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं और प्रशासन से तत्काल मौके का निरीक्षण कराने की मांग कर रहे हैं।
भू-धंसान वाली जगह के पास से लक्ष्मी कॉलोनी को जोड़ने वाली मुख्य सड़क भी गुजरती है। स्थानीय लोगों को आशंका है कि यदि जमीन धंसने का दायरा बढ़ता है तो सड़क भी इसकी चपेट में आ सकती है। ऐसे में लोगों के आवागमन और सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ गई है।
स्थानीय नेता सबूर गोराई ने घटना के पीछे अवैध कोयला खनन और कथित अवैध सुरंगों को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने प्रशासन से मामले की जांच कराने और प्रभावित इलाके में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।
झरिया क्षेत्र में पहले भी भू-धंसान और भूमिगत आग की घटनाएं सामने आती रही हैं। ताजा घटना के बाद स्थानीय लोगों में एक बार फिर भय का माहौल है। लोगों का कहना है कि प्रभावित क्षेत्र की तत्काल जांच कर खतरे को नियंत्रित करने की जरूरत है, ताकि किसी बड़े हादसे को टाला जा सके।
