इलाज के दौरान महिला की मौत, परिजनों ने डॉक्टर पर लापरवाही का लगाया आरोप

पश्चिम चंपारण जिले के बेतिया में एक निजी क्लिनिक में इलाज के दौरान महिला की मौत के बाद जमकर हंगामा हुआ। परिजनों ने चिकित्सक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए क्लिनिक परिसर में विरोध प्रदर्शन किया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।

मृतका की पहचान नौतन थाना क्षेत्र के खापटोला निवासी सरस्वती देवी (पति- लाल बाबू प्रसाद) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार सरस्वती देवी को डायरिया की शिकायत होने पर इलाज के लिए बेतिया स्थित चर्चित चिकित्सक डॉ. दिलीप कुमार के क्लिनिक में भर्ती कराया गया था। आरोप है कि इलाज के दौरान उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और कुछ ही देर बाद उनकी मौत हो गई।

मृतका के पति लाल बाबू प्रसाद ने चिकित्सकीय लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि समय पर उचित उपचार नहीं मिलने के कारण उनकी पत्नी की जान गई। घटना के बाद परिजन और स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए तथा क्लिनिक में घंटों हंगामा करते रहे।

मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है तथा शिकायत मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

घटना के बाद क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म है। वहीं, मृतका के परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।