बोकारो में 12 घंटे के भीतर साइबर ठगी के तीन मामले, 6.48 लाख रुपये की चपत

जिले में साइबर अपराधियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। पिछले 12 घंटे के भीतर साइबर ठगी के तीन मामले सामने आए हैं, जिनमें कुल 6.48 लाख रुपये की ठगी की गई है। सभी मामलों की शिकायत मुख्यालय डीएसपी पवन कुमार के पास पहुंची है।

डीएसपी पवन कुमार ने बताया कि ठगी के शिकार लोगों में चास कुंवर सिंह कॉलोनी निवासी शशिरंजन, पिंडरा जोरा निवासी बहादुर महतो और कैंप-2 निवासी मनीष कुमार सिंह शामिल हैं। मनीष कुमार सिंह होमगार्ड के जवान हैं।

जानकारी के अनुसार, शशिरंजन से साइबर अपराधियों ने 5.95 लाख रुपये की ठगी कर ली। हालांकि शिकायत मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 2.74 लाख रुपये होल्ड करा दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि यह राशि जल्द ही पीड़ित के खाते में वापस कर दी जाएगी।

वहीं, बहादुर महतो के खाते से 29,298 रुपये पेटीएम के माध्यम से निकाल लिए गए। तीसरे मामले में होमगार्ड जवान मनीष कुमार सिंह साइबर ठगी का शिकार हुए, जिनसे 29 हजार रुपये की ठगी की गई।

डीएसपी पवन कुमार ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल, लिंक या ओटीपी साझा करने से बचें। साथ ही साइबर ठगी की स्थिति में तुरंत 1930 हेल्पलाइन या नजदीकी साइबर थाना में शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते राशि को होल्ड कराया जा सके।

पुलिस सभी मामलों की जांच में जुटी हुई है और साइबर अपराधियों की पहचान कर कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।