मंगलौर विद्युत विभाग के कार्यालय पर भारतीय किसान यूनियन टिकैत ने किसानों की विभिन्न मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है। किसानों ने बिजली से जुड़े कई मुद्दों को लेकर विद्युत विभाग के खिलाफ नाराजगी जताई है।
किसानों की प्रमुख मांगों में किसानों को मुफ्त बिजली उपलब्ध कराना शामिल है। इसके अलावा लगातार बिजली कटौती को लेकर भी किसानों में आक्रोश है। किसानों का कहना है कि बिजली आपूर्ति में कटौती से उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं विद्युत विभाग की ओर से की जा रही छापेमारी को लेकर भी किसान नेताओं ने आपत्ति जताई है।
किसान नेता विजय शास्त्री ने कहा कि इस बार विद्युत विभाग और किसानों के बीच आर-पार की लड़ाई होगी। उन्होंने कहा कि जब तक किसानों की सभी मांगों को नहीं माना जाता, तब तक उनका धरना जारी रहेगा।
वहीं भारतीय किसान यूनियन टिकैत के गढ़वाल मंडल अध्यक्ष संजय चौधरी ने भी विद्युत विभाग के रवैये पर नाराजगी जताई। उन्होंने स्मार्ट मीटर लगाए जाने का विरोध करते हुए किसानों की समस्याओं के समाधान की मांग की।
किसान नेताओं ने स्पष्ट किया कि उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को आगे भी जारी रखा जाएगा। धरने के दौरान किसानों ने विद्युत विभाग से अपनी मांगों पर गंभीरता से विचार करने की अपील की।
