शहर में बढ़ते नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर पूर्वी सिंहभूम जिला महिला कांग्रेस के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) को ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि नशे का बढ़ता कारोबार युवाओं के भविष्य के लिए गंभीर खतरा बनता जा रहा है, जिस पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई की आवश्यकता है।
महिला कांग्रेस ने पुलिस प्रशासन से नशा तस्करों और अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कदम उठाने की मांग की। नेताओं ने कहा कि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाना और समाज को सुरक्षित बनाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला अध्यक्ष परविंदर सिंह, झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के PCC को-ऑर्डिनेटर पंडित विजय खाँ, कार्यकारी अध्यक्ष अवधेश सिंह सहित कांग्रेस के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
इस अवसर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने “नशा मुक्त जमशेदपुर, सुरक्षित जमशेदपुर” का नारा देते हुए शहर को नशामुक्त बनाने के लिए जनजागरण अभियान चलाने की भी बात कही।
