झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी में संगठनात्मक मजबूती को लेकर किए गए नए नियुक्तियों का धनबाद जिला कांग्रेस नेताओं ने स्वागत किया है। प्रदेश कांग्रेस कमिटी के ओबीसी विभाग के अध्यक्ष पद पर निशांत जायसवाल तथा अनुसूचित जाति विभाग के प्रदेश अध्यक्ष पद पर प्रशांत किशोर की नियुक्ति पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं ने खुशी जताई है। साथ ही अवध नारायण प्रसाद को कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने पर भी बधाई दी गई।
कांग्रेस नेताओं ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन में युवाओं और सक्रिय कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी देने से पार्टी को नई ऊर्जा मिलेगी। उन्होंने कहा कि निशांत जायसवाल और प्रशांत किशोर दोनों ही युवा, कर्मठ और ऊर्जावान नेता हैं, जिन्होंने संगठन को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
नेताओं का मानना है कि उनके नेतृत्व में झारखंड में ओबीसी और दलित कांग्रेस को नई दिशा मिलेगी तथा समाज के वंचित वर्गों की आवाज को और मजबूती से उठाया जाएगा। उन्होंने भरोसा जताया कि दोनों नेता संगठन को अधिक सक्रिय, मजबूत और अधिकार केंद्रित बनाने के लिए प्रभावी ढंग से कार्य करेंगे।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी लगातार सामाजिक न्याय, समान अवसर और सभी वर्गों के अधिकारों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। नई नियुक्तियों से संगठनात्मक गतिविधियों को गति मिलेगी और आगामी राजनीतिक चुनौतियों का सामना करने में पार्टी और अधिक सक्षम बनेगी।
