कला महाकुंभ-2026 की तैयारियों की समीक्षा, 12 राज्यों से पहुंचेंगे 450 कलाकार

कला निकेतन, भूली नगर धनबाद की ओर से 27 से 29 नवंबर 2026 तक नेहरू बालिका उच्च विद्यालय, भूली में आयोजित होने वाले प्रथम तीन दिवसीय अखिल भारतीय बहुभाषीय नाटक, नृत्य एवं झांकी प्रतियोगिता ‘कला महाकुंभ-2026’ की तैयारियों को लेकर शनिवार को समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक के बाद आयोजन स्थल का निरीक्षण भी किया गया।

बैठक में नेहरू बालिका उच्च विद्यालय, भूली के अध्यक्ष ब्रजेंद्र सिंह एवं सचिव संजय सिंह ने आयोजन की तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान मंच एवं पंडाल निर्माण, पेयजल, शौचालय, बिजली व्यवस्था तथा देशभर से आने वाले कलाकारों के ठहरने समेत अन्य सुविधाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

आयोजकों के अनुसार, कला महाकुंभ-2026 में 12 राज्यों से करीब 450 कलाकार शामिल होंगे। तीन दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में विभिन्न राज्यों के कलाकार बहुभाषीय नाटक, नृत्य और झांकी के माध्यम से अपनी कला एवं संस्कृति का प्रदर्शन करेंगे।

आयोजन समिति की ओर से कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी जरूरी व्यवस्थाओं को समय पर पूरा करने पर जोर दिया गया। कलाकारों के आवास, भोजन, मंच व्यवस्था और दर्शकों की सुविधाओं को लेकर भी तैयारियां तेज कर दी गई हैं।