पूर्वी सिंहभूम पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संगठित गिरोह का खुलासा किया है। गुड़ाबांदा थाना क्षेत्र में दर्ज मोटरसाइकिल चोरी के मामले की जांच के लिए गठित विशेष अनुसंधान दल (SIT) ने कार्रवाई करते हुए अब तक 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर कुल 25 चोरी की मोटरसाइकिल और स्कूटी बरामद की हैं।
पुलिस के अनुसार, गुड़ाबांदा थाना कांड संख्या 14/2026 की जांच के दौरान पहले चरण में 17 चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की गई थीं। इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के दौरान पुलिस को गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और चोरी की बाइक के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली।
इसके बाद वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर ग्रामीण एसपी के नेतृत्व में डीएसपी और अन्य पुलिस अधिकारियों को शामिल करते हुए SIT का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई आगे बढ़ाई और गिरोह से जुड़े दो अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया।
पुलिस का कहना है कि बरामद वाहनों के संबंध में संबंधित थाना क्षेत्रों में दर्ज मामलों की जांच की जा रही है। साथ ही गिरोह के अन्य सदस्यों और चोरी की मोटरसाइकिलों की खरीद-बिक्री से जुड़े लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।
इस कार्रवाई को पूर्वी सिंहभूम जिले में वाहन चोरी के खिलाफ पुलिस की महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।
