झामुमो जिला समिति साहिबगंज की बैठक प्रखंड पतना स्थित मुख्यमंत्री आवास झामुमो कार्यालय में जिला अध्यक्ष अरुण सिंह की अध्यक्षता में हुई। बैठक का संचालन जिला सचिव सुरेश टुडू ने किया।
बैठक में आगामी 19 सितंबर को एमएमडीआर संशोधन विधेयक के विरोध में जिले के सभी प्रखंड मुख्यालयों पर धरना-प्रदर्शन करने का निर्णय लिया गया। जिला अध्यक्ष अरुण सिंह ने कहा कि केंद्रीय समिति के निर्देशानुसार झामुमो कार्यकर्ता सभी प्रखंड मुख्यालयों में केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करेंगे।
उन्होंने कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया कि एमएमडीआर संशोधन विधेयक से जुड़े मुद्दों को पंचायत स्तर तक आम जनता के बीच पहुंचाया जाए और लोगों को पार्टी के आंदोलन से जोड़ा जाए।
बैठक में झामुमो नेताओं ने एमएमडीआर संशोधन विधेयक को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। संजय गोस्वामी ने इसे झारखंड की जनता के लिए ‘काला कानून’ बताया। वहीं संजीव शामू हेंब्रम ने आरोप लगाया कि जनता के विकास कार्यों को रोकने के लिए केंद्र सरकार इस तरह का कानून लेकर आई है।
झामुमो नेताओं ने कार्यकर्ताओं से 19 सितंबर के धरना-प्रदर्शन को सफल बनाने के लिए व्यापक तैयारी करने और संगठन को पंचायत स्तर तक मजबूत करने की अपील की।
