हरिद्वार पुलिस की त्वरित कार्रवाई, 18 घंटे में 20 दिन की दूधमुंही बच्ची सकुशल बरामद

कोतवाली नगर क्षेत्र में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लापता हुई 20 दिन की दूधमुंही बच्ची को महज 18 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया। बच्ची के परिजनों ने चौकी रोड़ीबेलवाला में मामले की सूचना दी थी।

जानकारी के मुताबिक, 15 सितंबर 2026 को रामबाबू पुत्र बिरजू मुखिया, निवासी झुमरी, थाना पीपलाकोठी, जनपद मोतिहारी, बिहार ने पुलिस को बताया कि पंडित दीनदयाल पार्किंग, ऊंचा पुल के नीचे परिवार के साथ रह रही सोना नामक महिला उनकी 20 दिन की बच्ची को बिना बताए अपने साथ ले गई है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर कुन्दन सिंह राणा के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने तत्काल कार्रवाई शुरू करते हुए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई के परिणामस्वरूप करीब 18 घंटे के भीतर चमकादड़ टापू से महिला सोना और बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया गया। इसके बाद बच्ची को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।

बच्ची के सकुशल मिलने के बाद परिजनों ने हरिद्वार पुलिस का आभार जताया। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।