रामगढ़ में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, 10 हजार एक्सपायरी कोल्ड ड्रिंक की बोतलें नष्ट

झारखंड के रामगढ़ जिले में मिलावटखोरी और अमानक खाद्य पदार्थों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। जिला प्रशासन के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने नई सराय स्थित एक शॉपिंग मार्ट के गोदाम में छापेमारी कर बड़ी संख्या में एक्सपायरी कोल्ड ड्रिंक की बोतलें बरामद कीं।

कार्रवाई के दौरान करीब 10 हजार एक्सपायरी कोल्ड ड्रिंक की बोतलों को जब्त किया गया। इसके बाद विभाग की निगरानी में इन बोतलों को पोकलेन मशीन की मदद से क्रश कर नष्ट कर दिया गया। एक्सपायरी पेय पदार्थों के खिलाफ हुई इस कार्रवाई से खाद्य कारोबारियों के बीच हड़कंप मच गया है।

खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों के अनुसार, खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। विभाग की टीम द्वारा लगातार जांच और कार्रवाई की जा रही है, ताकि उपभोक्ताओं तक सुरक्षित और मानक खाद्य एवं पेय पदार्थ पहुंच सकें।

नई सराय में हुई इस कार्रवाई को लेकर खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी अहसान मंजर ने भी जानकारी दी। विभाग ने कारोबारियों से एक्सपायरी और अमानक खाद्य पदार्थों की बिक्री या भंडारण से बचने की अपील की है।