जिले के महेशखूंट थाना क्षेत्र के राजधाम में उत्पाद विभाग की टीम और स्थानीय लोगों के बीच भिड़ंत का मामला सामने आया है। जानकारी के मुताबिक, उत्पाद विभाग की टीम शराब से जुड़े मामले की जांच के लिए मुस्कान देवी के घर पहुंची थी।
आरोप है कि घर पर शराब नहीं मिलने के बाद मुस्कान देवी और उत्पाद विभाग की एसआई/दरोगा विष्णुप्रिया देवी के बीच विवाद हो गया। इसके बाद मारपीट की स्थिति बन गई। इसी दौरान स्थानीय लोग भी मौके पर पहुंच गए और उत्पाद विभाग की टीम के साथ उनकी झड़प हो गई।
घटना में उत्पाद विभाग की दरोगा विष्णुप्रिया देवी के घायल होने की बात सामने आई है। उन्हें इलाज के लिए अनुमंडल अस्पताल गोगरी लाया गया, जहां डॉक्टर विजय कुमार द्वारा प्राथमिक उपचार किया गया।
घटना को लेकर दोनों पक्षों की ओर से अलग-अलग आरोप सामने आए हैं। मामले में उत्पाद विभाग की दरोगा विष्णुप्रिया देवी और मुस्कान देवी का पक्ष भी सामने आया है। पुलिस और प्रशासन की ओर से घटना की जांच के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
