SSB के नागरिक कल्याण कार्यक्रम का शुभारंभ, 155 सीमावर्ती लोगों को मिलेगा प्रशिक्षण

SSB 21वीं वाहिनी की ओर से शुक्रवार को वाल्मीकि सभागार में ‘जीवंत गांव-सिविक एक्शन कार्यक्रम 2026-27’ के तहत स्वरोजगारपरक कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन वाल्मीकिनगर सांसद सुनील कुमार ने किया।

कार्यक्रम के तहत पांच प्रकार के प्रशिक्षण दिए जाएंगे, जिनमें मधुमक्खी पालन एवं बी-बॉक्स वितरण, जैविक फल-सब्जी उत्पादन, मशरूम फार्मिंग, सिलाई और ब्यूटीशियन प्रशिक्षण शामिल हैं। इन प्रशिक्षणों से कुल 155 सीमावर्ती युवा, महिलाएं और अन्य लाभार्थी लाभान्वित होंगे।

बताया गया कि 15 दिवसीय प्रशिक्षण का आयोजन रमपुरवा, लक्ष्मीपुर, दरुआबारी, सोहरिया, चम्पापुर और नौरंगिया दोन में किया जाएगा। प्रशिक्षण के माध्यम से सीमावर्ती क्षेत्र के लोगों को कौशल प्रदान कर स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

कार्यक्रम के दौरान ब्यूटीशियन और सिलाई प्रशिक्षण को विशेष रूप से स्वरोजगार से जोड़ने पर जोर दिया गया। SSB की ओर से सीमावर्ती क्षेत्रों में कौशल विकास और नागरिक कल्याण से जुड़े ऐसे कार्यक्रमों को आगे भी जारी रखने की बात कही गई।