जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बलुआ दियारा में पिकअप चालक को लूटने की कोशिश से पहले पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन युवकों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने तलाशी के दौरान देसी कट्टा, एक गोली और बाइक बरामद की है।
एसडीपीओ सुशील कुमार के अनुसार, 16 सितंबर की रात एसपी अमित कुमार सिंह को क्षेत्र में लूट की सूचना मिली थी। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने तत्काल छापेमारी कर तीनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मो. गुनेद (19), मो. फैजल (18) और मो. अरवाज (23) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, तलाशी के दौरान उनके पास से देसी कट्टा, एक गोली और बाइक बरामद हुई।
मामले में मुफस्सिल थाना कांड संख्या 112/26 दर्ज किया गया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मामले की आगे की जांच जारी है।
