लक्सर में खिलाड़ियों और युवाओं की विभिन्न समस्याओं को लेकर देवभूमि युवा अधिकार मंच उत्तराखंड के जिला अध्यक्ष अभिषेक चौहान ने आवाज उठाई। दर्जनों छात्रों और युवाओं के साथ अभिषेक चौहान जिला युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल अधिकारी, हरिद्वार के कार्यालय पहुंचे और अधिकारियों से मुलाकात कर समस्याओं से संबंधित ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में खेल महाकुंभ के दौरान कथित अव्यवस्थाओं, खेल मैदानों की खराब स्थिति, खिलाड़ियों की चयन प्रक्रिया, निर्णायकों की निष्पक्षता और खिलाड़ियों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध नहीं होने जैसे मुद्दे उठाए गए। युवाओं ने खेल प्रतियोगिताओं में बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने और खिलाड़ियों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की।
ज्ञापन के माध्यम से लक्सर के क्षेत्रीय युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल अधिकारी अवनीश कुमार के स्थानांतरण की मांग भी की गई। अभिषेक चौहान ने कहा कि यह मांग किसी व्यक्तिगत द्वेष के कारण नहीं, बल्कि लक्सर क्षेत्र के खिलाड़ियों और युवाओं के हित में बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से की जा रही है।
अभिषेक चौहान ने कहा कि क्षेत्र के युवाओं और खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने के लिए उचित संसाधन, बेहतर खेल मैदान और पारदर्शी व्यवस्था मिलनी चाहिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से ज्ञापन में उठाए गए मुद्दों पर गंभीरता से विचार करते हुए जल्द समाधान की मांग की।
इस दौरान बड़ी संख्या में छात्र और युवा मौजूद रहे। अब ज्ञापन में उठाई गई मांगों पर संबंधित विभाग की कार्रवाई का इंतजार है।
