झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार रविवार को हवाई यात्रा के जरिए धनबाद पहुंचे। बरवाअड्डा हवाईअड्डे पर एसएसपी, डीडीसी समेत IIT-ISM के निदेशक प्रोफेसर धीरज कुमार और रजिस्ट्रार प्रबोध पांडेय ने राज्यपाल का स्वागत किया। राज्यपाल के आगमन को लेकर बरवाअड्डा हवाईअड्डे से लेकर IIT-ISM तक सुरक्षा और विधि-व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए गए थे। जगह-जगह दंडाधिकारियों और पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई थी।
बरवाअड्डा हवाईअड्डे से राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार सीधे IIT-ISM पहुंचे, जहां उन्होंने दो अलग-अलग कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। सबसे पहले गोल्डन जुबली लेक्चर थियेटर में आरोग्य भारती की ओर से आयोजित राष्ट्रीय पर्यावरण कार्यशाला में राज्यपाल शामिल हुए। कार्यशाला में पर्यावरण संरक्षण और प्राकृतिक संसाधनों को बचाने से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई।
इसके बाद राज्यपाल ने भूगर्भीय जल संकट से संबंधित कार्यक्रम में भी हिस्सा लिया। कार्यक्रम में जल संरक्षण, भूगर्भीय जल के गिरते स्तर और भविष्य में जल संकट की चुनौतियों को लेकर चर्चा हुई। राज्यपाल ने पर्यावरण और जल संरक्षण को लेकर जागरूकता बढ़ाने तथा सामूहिक प्रयास की आवश्यकता पर जोर दिया।
राज्यपाल के IIT-ISM दौरे को लेकर संस्थान परिसर में भी सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए थे। उनके साथ जिला प्रशासन के अधिकारी और IIT-ISM के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। दोनों कार्यक्रमों में पर्यावरण संरक्षण और जल संसाधनों के बेहतर प्रबंधन को लेकर जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया गया।
