धनबाद जिला कबड्डी संघ की महत्वपूर्ण बैठक रविवार को बड्स गार्डेन स्कूल, राजगंज परिसर में आयोजित हुई। संघ के कार्यकारी अध्यक्ष राजीव श्रीवास्तव और जिला चेयरमैन प्रदीप कुमार मंडल की अध्यक्षता में हुई बैठक में संघ के विस्तार, युवा खिलाड़ियों को जोड़ने तथा जिले में कबड्डी को जमीनी स्तर तक मजबूत करने सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई।
बैठक में सर्वसम्मति से संघ के विस्तार का निर्णय लिया गया। इसी क्रम में बड्स गार्डेन स्कूल, राजगंज के प्राचार्य, निदेशक एवं शिक्षाविद् प्रमोद कुमार चौरसिया को धनबाद जिला कबड्डी संघ का जिला उपाध्यक्ष घोषित किया गया। उपस्थित सदस्यों ने प्रमोद कुमार चौरसिया को नई जिम्मेदारी मिलने पर शुभकामनाएं दीं।
बैठक में जिले के सभी प्रखंडों में कबड्डी संघ की समितियां गठित करने का निर्णय लिया गया। इसके साथ ही गांवों, स्थानीय क्लबों और स्कूलों में कबड्डी टीमों के गठन पर भी जोर दिया गया। संघ का उद्देश्य अधिक से अधिक युवाओं और स्कूली खिलाड़ियों को इस खेल से जोड़कर उन्हें प्रशिक्षण एवं प्रतियोगिताओं के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराना है।
संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि कबड्डी को केवल शहरों तक सीमित न रखकर ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचाने की जरूरत है। गांवों में प्रतिभाओं की कमी नहीं है, लेकिन उचित मंच और मार्गदर्शन के अभाव में कई खिलाड़ी आगे नहीं बढ़ पाते। प्रखंड स्तर पर समितियां गठित होने से स्थानीय प्रतिभाओं की पहचान करने और उन्हें जिला स्तर तक लाने में मदद मिलेगी।
बैठक में खिलाड़ियों के प्रशिक्षण, नियमित प्रतियोगिताओं के आयोजन और स्कूल स्तर पर कबड्डी को बढ़ावा देने को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया। संघ की ओर से आने वाले दिनों में विभिन्न क्षेत्रों में गतिविधियां तेज करने की बात कही गई।
नवनियुक्त जिला उपाध्यक्ष प्रमोद कुमार चौरसिया ने कहा कि कबड्डी को जिले के गांव-गांव तक पहुंचाने के लिए हरसंभव सहयोग किया जाएगा। स्कूलों और ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभावान खिलाड़ियों की पहचान कर उन्हें बेहतर अवसर उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
बैठक में संघ के पदाधिकारी, सदस्य एवं खेल से जुड़े लोग मौजूद रहे। सभी ने जिले में कबड्डी के विकास और नई प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए मिलकर काम करने का संकल्प लिया।
