दिव्यांग बच्चों में असीम प्रतिभा, जरूरत है अवसर और प्रोत्साहन की : ढुलू महतो

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत शुक्रवार को जगजीवन नगर स्थित दिव्यांग बच्चों के विशेष विद्यालय ‘पहला कदम’ में ‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में धनबाद सांसद ढुलू महतो शामिल हुए।

कार्यक्रम के दौरान दिव्यांग बच्चों के लिए चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें बच्चों ने अपनी कल्पनाशक्ति और रचनात्मक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। बच्चों द्वारा बनाए गए चित्रों की सांसद ने सराहना की और उनका उत्साहवर्धन किया।

इस अवसर पर सांसद ढुलू महतो ने कहा कि दिव्यांग बच्चों में असीम प्रतिभा होती है। आवश्यकता केवल उन्हें उचित अवसर, मार्गदर्शन और प्रोत्साहन देने की है। उन्होंने कहा कि ऐसे बच्चे अपनी मेहनत और प्रतिभा के बल पर समाज में विशेष पहचान बना सकते हैं।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों और राजीव अग्रवाल द्वारा सांसद ढुलू महतो का हूबहू चित्र भी बनाया गया, जिसकी उपस्थित लोगों ने सराहना की। सांसद ने बच्चों के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक, अभिभावक, भाजपा कार्यकर्ता एवं अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे। आयोजन का उद्देश्य दिव्यांग बच्चों की प्रतिभा को मंच प्रदान करना और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना था।