गोंडा में आंधी-तूफान के साथ बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त, फसलों को भारी नुकसान

 

उत्तर प्रदेश के गोंडा जनपद में मौसम विभाग के अलर्ट के बीच आंधी-तूफान के साथ हुई तेज बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। पिछले चार दिनों से लगातार हो रही रिमझिम बारिश और तेज हवाओं के चलते लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर भी सन्नाटा पसरा हुआ है।

तेज हवाओं के कारण जिले के कई इलाकों में विशाल पेड़ धराशायी हो गए। नगर कोतवाली के पास करीब 50 वर्ष पुराना विशाल इमली का पेड़ गिरने से मार्ग पूरी तरह बाधित हो गया। हालांकि, राहत की बात रही कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

वहीं, जिलाधिकारी आवास के सामने हाईवे पर सागौन का पेड़ गिरने से सड़क के एक तरफ का यातायात बाधित हो गया। पेड़ गिरने के बाद राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। प्रशासन और संबंधित विभागों द्वारा रास्ते से पेड़ हटाने की कार्रवाई की जा रही है।

आंधी-तूफान का असर जिले की बिजली व्यवस्था पर भी पड़ा है। कई स्थानों पर बिजली के तार और खंभे प्रभावित होने से विद्युत आपूर्ति बाधित होने की सूचना है। लगातार खराब मौसम के कारण लोगों को आवागमन के साथ-साथ रोजमर्रा के कामकाज में भी परेशानी हो रही है।

बारिश और तेज हवाओं का असर किसानों पर भी पड़ा है। खेतों में खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका है। किसानों के अनुसार, लगातार बारिश और तेज हवाओं के कारण कई जगह फसलें प्रभावित हुई हैं। ग्रामीण इलाकों में मौसम की मार से किसानों की चिंता बढ़ गई है।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से प्रभावित क्षेत्रों में जल्द राहत एवं बचाव कार्य कराने, सड़कों से गिरे पेड़ों को हटाने और बिजली व्यवस्था को जल्द सामान्य करने की मांग की है।