नृत्यांगना कार्यक्रम में स्थानीय बच्चों ने बिखेरा अपनी प्रतिभा का जलवा

रेलवे ऑडिटोरियम में अनुभूति एक एहसास की ओर से ‘नृत्यांगना’ ऑल इंडिया डांस, सिंगिंग एवं इंस्ट्रूमेंट कंपटीशन फेस्टिवल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्थानीय बच्चों ने नृत्य, संगीत और वाद्य यंत्रों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम का उद्घाटन पूर्व मध्य रेलवे महिला कल्याण संगठन की अध्यक्ष प्रिया मिश्रा, उपाध्यक्ष मृणालिनी एवं अल्पना झा, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं ‘अनुभूति एक एहसास’ के संरक्षक वैभव सिन्हा, डॉ. प्रियंका प्रियदर्शी, संतोष रजक तथा संस्था की महासचिव सरसी चंद्रा ने संयुक्त रूप से किया।

इस अवसर पर अतिथियों ने ‘नृत्यांगना’ कार्यक्रम के साथ नृत्यांगन कथक केंद्र का भी शुभारंभ किया। आयोजन समिति की ओर से सभी अतिथियों को अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने विभिन्न प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी कला और प्रतिभा का प्रदर्शन किया। नृत्य और संगीत की प्रस्तुतियों ने रेलवे ऑडिटोरियम में मौजूद दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया। प्रतिभागी बच्चों में कार्यक्रम को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।

आयोजकों का उद्देश्य बच्चों और युवाओं को नृत्य, गायन एवं वाद्य संगीत जैसे क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए मंच उपलब्ध कराना है। ‘नृत्यांगना’ के माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों से प्रतिभाओं को एक मंच पर लाने का प्रयास किया गया।

इस मौके पर ‘अनुभूति एक एहसास’ की महासचिव सरसी चंद्रा समेत संस्था से जुड़े सदस्य, प्रतिभागी बच्चे, अभिभावक और बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद रहे।