मुंगेर में प्रेस लिखे पिकअप से 4.08 लाख नकली सिगरेट बरामद, चालक गिरफ्तार

मुंगेर में वाहन जांच के दौरान मुफस्सिल थाना पुलिस ने नकली और अवैध सिगरेट की बड़ी खेप बरामद की है। पुलिस ने बांक मोड़ के समीप जांच के दौरान एक पिकअप वाहन से करीब चार लाख आठ हजार सिगरेट बरामद की है। मामले में पुलिस ने वाहन चालक को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, मुफस्सिल थाना की टीम बांक मोड़ के समीप वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान BR 09GC-9392 नंबर के पिकअप वाहन को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन में सिगरेट के दर्जनों कार्टून पाए गए।

पुलिस के मुताबिक, बरामद सिगरेट में गोल्ड फ्लैक समेत विभिन्न ब्रांड की करीब 4.08 लाख सिगरेट शामिल हैं। पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है और गिरफ्तार चालक से पूछताछ की जा रही है।

खास बात यह है कि जिस पिकअप वाहन से सिगरेट बरामद हुई, उसके आगे के शीशे पर ‘PRESS’ लिखा हुआ था। पुलिस अब बरामद सिगरेट की खेप के स्रोत, उसके गंतव्य और इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।

मामले में पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है। जांच के बाद अवैध सिगरेट कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी सामने आने की संभावना है।