भोजपुर जिले के चरपोखरी थाना क्षेत्र में पुलिस ने कथित रूप से चल रहे देह व्यापार के धंधे का भंडाफोड़ करने का दावा किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मकान मालकिन समेत तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार मौके से दो मोबाइल फोन और अन्य आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की गई है।
पुलिस अधीक्षक अवधेश दीक्षित के अनुसार, रविवार को चरपोखरी थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि गड़हनी ब्लॉक रोड के पास स्थित एक निजी मकान में कथित तौर पर अवैध देह व्यापार संचालित किया जा रहा है। सूचना के बाद पुलिस ने मजिस्ट्रेट और महिला पुलिस बल की मौजूदगी में उक्त मकान में तलाशी अभियान चलाया।
तलाशी के दौरान मकान के अंदर दो अन्य महिलाएं छिपी हुई मिलीं। पुलिस ने तलाशी के दौरान दो मोबाइल फोन समेत अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद करने की बात कही है। इसके बाद पुलिस ने मकान मालकिन समेत तीन महिलाओं को हिरासत में लेकर पूछताछ की और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि मकान में कथित गतिविधियां कब से संचालित हो रही थीं तथा इसमें अन्य लोगों की संलिप्तता है या नहीं।
