टुंडी प्रखंड के मनियाडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत जातखूं टी पंचायत के गुलियाडीह गांव में सोमवार की देर रात जंगली हाथियों के हमले में नया प्राथमिक विद्यालय गुलियाडीह के सहायक अध्यापक गिरजा मुर्मू की मौत हो गई।बताया जा रहा है कि हाथियों ने उन्हें कुचल दिया, जिससे घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलने के बाद मंगलवार सुबह बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। हादसे को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में पिछले करीब एक महीने से जंगली हाथियों का झुंड डेरा जमाए हुए है, लेकिन वन विभाग की ओर से हाथियों के आतंक से निजात दिलाने के लिए अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई।
ग्रामीणों में इस बात को लेकर भी नाराजगी है कि मंगलवार सुबह करीब 8 बजे तक वन विभाग या प्रशासन का कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुटी हुई है और लोगों में वन विभाग की कार्यशैली को लेकर काफी रोष है।
ग्रामीणों ने हाथियों के आतंक से स्थायी समाधान, प्रभावित परिवार को उचित मुआवजा और क्षेत्र में सुरक्षा के ठोस इंतजाम की मांग की है। घटना के बाद गांव में मातम के साथ-साथ तनाव का माहौल बना हुआ है।
