सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने और राष्ट्रीय राजमार्ग पर सुगम यातायात सुनिश्चित करने के उद्देश्य से धनबाद में नेशनल हाईवे टास्क फोर्स ने सोमवार को सघन जांच अभियान चलाया। धनबाद उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान में राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे अनाधिकृत और अवैध रूप से खड़े भारी वाहनों समेत अन्य वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
जांच के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन कर सड़क किनारे पार्क किए गए कुल 52 वाहनों के चालान काटे गए, जिनसे करीब चार लाख रुपये का जुर्माना वसूल किया गया।
अभियान में परिवहन कार्यालय के मोटरयान निरीक्षक, जिला सड़क सुरक्षा टीम, पुलिस पदाधिकारी एवं बल तथा भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की रूट पेट्रोलिंग टीम शामिल रही। अधिकारियों ने वाहन चालकों को राष्ट्रीय राजमार्ग पर अनाधिकृत पार्किंग नहीं करने और यातायात नियमों का पालन करने की हिदायत दी।
प्रशासन का कहना है कि सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए इस तरह के जांच अभियान आगे भी जारी रहेंगे।
