भूली के शिवपुरी स्थित महर्षि मेंही सत्संग आश्रम में सोमवार को नव संकल्प मंच भूली नगर का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में युवा संघर्ष मोर्चा के केंद्रीय अध्यक्ष दिलीप सिंह ने मंच के पदाधिकारियों और सदस्यों को उनके द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्यों के लिए सम्मानित किया।
कार्यक्रम में झारखंड प्रदेश में जागरूकता अभियान की ब्रांड एम्बेसडर श्वेता किन्नर विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहीं। समारोह की शुरुआत महर्षि मेंही परमहंस महाराज की प्रतिमा पर श्रद्धा सुमन अर्पित कर की गई। इसके बाद दिलीप सिंह और श्वेता किन्नर ने आश्रम के संत सकलानंद महाराज से आशीर्वाद लिया और उन्हें अंगवस्त्र भेंट किया।
संत सकलानंद महाराज ने भी दिलीप सिंह और श्वेता किन्नर को आशीर्वाद देते हुए उपहार प्रदान किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर दिलीप सिंह ने नव संकल्प मंच द्वारा समाजहित में किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि समाज के जरूरतमंद लोगों की मदद करना और सामाजिक जागरूकता के लिए लगातार काम करना सराहनीय पहल है। उन्होंने मंच के सदस्यों से भविष्य में भी इसी तरह सामाजिक जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का आह्वान किया।
समारोह के दौरान मंच के पदाधिकारियों और सदस्यों में उत्साह का माहौल रहा। कार्यक्रम में स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य लोग भी मौजूद रहे।
