पौड़ी में ट्रैकिंग, साइक्लिंग और बर्ड वाचिंग के साथ मनाया गया विश्व पर्यटन दिवस

विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर पौड़ी जिले में पर्यटन विभाग की ओर से ट्रैकिंग, साइक्लिंग और बर्ड वाचिंग जैसी साहसिक एवं प्रकृति आधारित गतिविधियों का आयोजन किया गया। स्थानीय विधायक राजकुमार पोरी ने हरी झंडी दिखाकर ट्रैकिंग एवं साइक्लिंग दलों को रवाना किया।

कार्यक्रम के समापन पर रांसी स्थित कायरा कैलाश होटल में गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने प्रतिभागियों से संवाद किया। उन्होंने जनपद में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए जनभागीदारी, स्थानीय संसाधनों के बेहतर उपयोग और विभिन्न हितधारकों के बीच समन्वय पर जोर दिया।

जिला पर्यटन अधिकारी कमल किशोर जोशी ने बताया कि विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर जिले के प्राकृतिक और पर्यटन स्थलों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। ट्रैकिंग, साइक्लिंग और बर्ड वाचिंग के माध्यम से प्रतिभागियों को जिले की प्राकृतिक सुंदरता और जैव विविधता से रूबरू कराया गया।

गोष्ठी में पर्यटन को स्थानीय रोजगार और आर्थिक विकास से जोड़ने पर भी चर्चा हुई। वक्ताओं ने कहा कि पौड़ी में प्राकृतिक एवं साहसिक पर्यटन की व्यापक संभावनाएं हैं। स्थानीय युवाओं और लोगों की भागीदारी से पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देकर रोजगार के नए अवसर सृजित किए जा सकते हैं।

कार्यक्रम के दौरान पर्यटन विभाग के अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, स्थानीय लोगों और प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।