वरीय पुलिस अधीक्षक, पूर्वी सिंहभूम के निर्देशानुसार सोमवार को महिला थाना साकची की ओर से जुगसलाई क्षेत्र के पार्वती घाट और गरीब नवाज कॉलोनी के स्लम इलाकों में जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान बच्चों को नशे के दुष्प्रभाव और बाल विवाह से होने वाले नुकसान की जानकारी दी गई।
महिला थाना की टीम ने बच्चों से नशे से दूर रहने की अपील की। साथ ही बच्चों को अपने आसपास के लोगों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने और बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूक रहने के लिए कहा गया।
पुलिस टीम ने बच्चों को उनके अधिकारों और सुरक्षित भविष्य के लिए शिक्षा के महत्व के बारे में भी जानकारी दी। टीम ने बताया कि नशा और बाल विवाह दोनों ही बच्चों के भविष्य को प्रभावित करते हैं।
अभियान के दौरान लोगों को ऐसे मामलों की जानकारी मिलने पर पुलिस को तत्काल सूचना देने के लिए भी प्रेरित किया गया। पुलिस की ओर से बच्चों और स्थानीय लोगों को सुरक्षित एवं बेहतर भविष्य के लिए जागरूक रहने का संदेश दिया गया।
