बोकारो स्टील प्लांट (BSL) के सेक्टर-12 स्थित आवासों को खाली कराने के मामले को लेकर बुधवार को आवास बचाओ संघर्ष मोर्चा, BSL के पूर्व कर्मचारियों और लाइसेंसधारी कर्मियों ने BSL के कार्यकारी निदेशक (ED) के आवास का घेराव किया।
प्रदर्शन को देखते हुए BSL प्रबंधन की ओर से ED के आवास की सुरक्षा बढ़ा दी गई। आवास के आसपास दो लेयर की सुरक्षा व्यवस्था की गई और बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई।
बताया गया कि BSL ने सेक्टर-12 स्थित कई आवासों को सेवानिवृत्त कर्मचारियों को लाइसेंस एवं अन्य नियमों के तहत आवंटित किया था। अब इन आवासों की जर्जर स्थिति का हवाला देते हुए BSL ने उन्हें असुरक्षित जोन घोषित कर खाली कराने का निर्देश दिया है।
वहीं, आवासधारियों को सेक्टर-11 और सेक्टर-8 में वैकल्पिक आवास देने की बात कही गई है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि उन्हें जो वैकल्पिक आवास दिए जा रहे हैं, उनकी स्थिति और सुविधाएं सेक्टर-12 के मौजूदा आवासों की तुलना में बेहतर नहीं हैं।
आवासधारियों ने BSL प्रबंधन से मामले में पुनर्विचार करने और उनकी समस्याओं का समाधान करने की मांग की है। प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा।
