‘तरारी, बिहटा स्कूल ठीक करो-शिक्षा सुधारो’ अभियान के तहत भाकपा माले और इंकलाबी नौजवान सभा के कार्यकर्ताओं ने बिहटा गांव के तीन सरकारी स्कूलों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्कूलों में शिक्षा व्यवस्था और बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी कई समस्याएं सामने आने का दावा किया गया।
टीम ने सबसे पहले 10+2 हाई स्कूल बिहटा का निरीक्षण किया। यहां स्कूल परिसर में जलजमाव को बड़ी समस्या बताया गया। निरीक्षण टीम के अनुसार, बारिश के दौरान परिसर में पानी भर जाता है और विद्यार्थियों को पानी से होकर कक्षाओं तक जाना पड़ता है। पानी की निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से समस्या लंबे समय से बनी हुई है।
विद्यालय के दक्षिणी हिस्से में बने सात कमरे जर्जर बताए गए, जिनमें पढ़ाई कराना विद्यार्थियों और शिक्षकों के लिए जोखिम भरा होने का दावा किया गया। निरीक्षण के दौरान छात्र संख्या के अनुपात में बुनियादी सुविधाओं की कमी का मुद्दा भी उठाया गया।
कार्यकर्ताओं ने स्कूल में शौचालय की कमी और कंप्यूटर के उपलब्ध नहीं होने समेत अन्य समस्याओं को लेकर भी सवाल उठाए। उनका कहना है कि सरकारी स्कूलों में विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा के साथ सुरक्षित भवन, स्वच्छ वातावरण और जरूरी संसाधन उपलब्ध कराना आवश्यक है।
भाकपा माले और इंकलाबी नौजवान सभा के कार्यकर्ताओं ने शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए संबंधित विभाग और प्रशासन से आवश्यक कदम उठाने की मांग की। निरीक्षण के दौरान सामने आई समस्याओं को लेकर आगे भी अभियान चलाने की बात कही गई है।
