मोरौना पंचायत अंतर्गत कस्तर गांव में मंगलवार की रात जिला भीबीडी नियंत्रण कार्यक्रम के तहत निःशुल्क फाइलेरिया जांच शिविर सह रात्रि रक्त संग्रहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन मोरौना पंचायत की मुखिया नीतू मिश्रा ने फीता काटकर किया।
कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य कर्मियों ने ग्रामीणों को फाइलेरिया बीमारी से बचाव, इसके लक्षण और समय पर जांच कराने के महत्व के बारे में जानकारी दी। ग्रामीणों को बीमारी से बचने के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने के लिए जागरूक किया गया।
कस्तर के सीएचओ सह पिरामल स्वास्थ्य प्रोग्राम पदाधिकारी आदित्य प्रकाश गौतम के निर्देशन में आयोजित शिविर में दर्जनों ग्रामीणों की फाइलेरिया की जांच की गई। रात्रि रक्त संग्रहण अभियान के तहत जांच के लिए ग्रामीणों के रक्त के नमूने भी लिए गए।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने लोगों को फाइलेरिया की नियमित जांच, बचाव के उपाय और बीमारी से जुड़ी जरूरी जानकारी दी। अधिकारियों ने ग्रामीणों से स्वास्थ्य संबंधी किसी भी समस्या को नजरअंदाज नहीं करने और समय पर जांच कराने की अपील की।
रात्रि रक्त संग्रहण कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र में फाइलेरिया की पहचान और रोकथाम के लिए अधिक से अधिक लोगों की जांच करना रहा।
