धनबाद में दुर्गा पूजा को लेकर सख्ती, DJ बजा तो रद्द होगा लाइसेंस, समिति पर भी होगी कार्रवाई

दुर्गा पूजा के दौरान जिले में सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने को लेकर मंगलवार को समाहरणालय स्थित पुलिस सभागार में विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एसएसपी प्रभात कुमार ने की। बैठक में सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव, ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकूब, आईपीएस अंकित सिन्हा समेत जिले के सभी डीएसपी, एसडीपीओ, अंचल निरीक्षक, थाना प्रभारी और ओपी प्रभारी मौजूद रहे।

बैठक में दुर्गा पूजा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, पूजा पंडालों की निगरानी, यातायात प्रबंधन और अपराध नियंत्रण को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। पुलिस ने स्पष्ट किया कि पूजा के दौरान डीजे बजाने पर सख्त रोक रहेगी। नियमों का उल्लंघन होने पर डीजे का लाइसेंस रद्द करने के साथ पूजा समिति के पदाधिकारियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

सुरक्षा व्यवस्था के तहत जिले को आठ जोन और तीन सुपर जोन में बांटकर निगरानी की व्यवस्था की गई है। पूजा पंडालों और आसपास के इलाकों में पुलिस की पैनी नजर रहेगी। सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।

दुर्गा पूजा के दौरान चोरी और गृहभेदन की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए भी पुलिस को विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है। रात के समय गश्ती व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा। डीएसपी से लेकर एसएसपी स्तर के अधिकारी रात में होने वाली पुलिस गश्ती की निगरानी करेंगे।

पुलिस अधिकारियों को पूजा के दौरान भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन और पुलिस की ओर से पूजा समितियों से भी निर्धारित नियमों का पालन करने की अपील की गई है।