भोजपुर जिले के सभी 19 मॉडल विद्यालयों में बुधवार को शैक्षणिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान जिले के वरीय पदाधिकारियों ने अपने-अपने आवंटित विद्यालयों का भ्रमण कर शैक्षणिक व्यवस्था का जायजा लिया। अधिकारियों ने छात्र-छात्राओं से संवाद कर उनकी पढ़ाई से जुड़े अनुभवों और समस्याओं की जानकारी ली।
इस दौरान अधिकारियों ने विद्यार्थियों से उनके पसंदीदा विषय, कक्षाओं में पढ़ाए जा रहे पाठ तथा सीखने के दौरान आने वाली कठिनाइयों के बारे में बातचीत की। विद्यार्थियों ने भी अपनी रुचियों, पढ़ाई और विद्यालय से जुड़े अनुभव अधिकारियों के साथ साझा किए।
अधिकारियों ने विद्यालयों में उपलब्ध शैक्षणिक संसाधनों एवं बुनियादी सुविधाओं का भी निरीक्षण किया। साथ ही शिक्षकों और प्रधानाध्यापकों से विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति पर चर्चा की गई। अधिकारियों ने बेहतर शिक्षण व्यवस्था बनाए रखने और विद्यार्थियों की सीखने की क्षमता को बढ़ाने की दिशा में आवश्यक निर्देश दिए।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यालयों में पठन-पाठन की वास्तविक स्थिति को समझना, विद्यार्थियों से सीधे संवाद करना तथा शिक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाना रहा।
