बोकारो स्टील सिटी थाना क्षेत्र के सेक्टर-1C में मंगलवार देर शाम एक युवक पर चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल करने का मामला सामने आया है। घायल युवक की पहचान करन राम के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि करन राम को किसी व्यक्ति ने फोन कर घर के बाहर बुलाया था। आरोप है कि घर से बाहर निकलते ही तीन युवकों ने उस पर अस्तूरा (चाकू) से कई जगह हमला कर दिया। हमले में करन राम के दोनों हाथ और गर्दन पर चोट के निशान आए हैं।
घटना के पीछे लोन के लेनदेन का विवाद बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, सेक्टर-1C निवासी करन राम ने किसी व्यक्ति से लोन लिया था और इसी लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। हालांकि, हमले की पूरी वजह और आरोपियों की भूमिका पुलिस जांच के बाद स्पष्ट होगी।
घटना के बाद घायल करन राम को पुलिस ने जख्म प्रतिवेदन देकर इलाज के लिए अस्पताल भेजा। फिलहाल उनका उपचार कराया जा रहा है। मामले में पुलिस घटनाक्रम की जांच कर रही है और आरोपियों की पहचान एवं गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
घायल युवक करन राम ने घटना को लेकर अपनी बात रखी है। पुलिस की जांच और आगे की कार्रवाई के बाद मामले की विस्तृत जानकारी सामने आने की उम्मीद है।
