बोकारो में युवक ने हाथ की नस काटकर आत्महत्या का प्रयास, सदर अस्पताल में इलाज जारी

सिवनडीह क्षेत्र के आजाद नगर में सोमवार शाम करीब 5 बजे एक युवक ने कथित तौर पर अपने हाथ की नस काटकर आत्महत्या का प्रयास किया। घटना के बाद परिजनों ने युवक को तत्काल इलाज के लिए बोकारो सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है।

युवक की पहचान असलम खान के पुत्र आरफीन खान (लगभग 35 वर्ष) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, युवक घर पर ही था, इसी दौरान उसने अपने हाथ की नस काट ली। घटना के बाद परिजनों में अफरा-तफरी मच गई।

आरफीन के पिता असलम खान ने बताया कि उनके बेटे ने घर में ही हाथ की नस काटी है। घटना के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। परिजनों ने युवक की मानसिक स्थिति ठीक नहीं रहने की बात भी कही है और बताया कि पूर्व में भी इस तरह की घटनाएं हो चुकी हैं।

घटना की सूचना मिलने के बाद माराफारी पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। घटना के कारणों का पता पूछताछ और जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

फिलहाल घायल युवक का बोकारो सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है। मामले में पुलिस और परिजनों से मिलने वाली आगे की जानकारी के बाद स्थिति और स्पष्ट होगी।