भोजपुर जिले के कोईलवर प्रखंड अंतर्गत कायमनगर पैक्स के अध्यक्ष पद पर एक बार फिर सुनील सिंह ने जीत दर्ज की है। बुधवार को हुई मतगणना में सुनील सिंह ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी अविनाश दुबे को 331 मतों के अंतर से हराकर लगातार दूसरी बार पैक्स अध्यक्ष पद पर कब्जा बरकरार रखा। जीत के बाद प्रखंड निर्वाची पदाधिकारी सह बीडीओ वीर बहादुर पाठक ने सुनील सिंह को जीत का प्रमाण पत्र सौंपा।
कायमनगर पैक्स चुनाव को लेकर उत्क्रमित मध्य विद्यालय, कायमनगर में कुल तीन मतदान केंद्र बनाए गए थे। सुबह 7 बजे से शाम 4:30 बजे तक मतदान प्रक्रिया चली। पैक्स के कुल 2099 मतदाताओं में से 1170 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
मतदान समाप्त होने के बाद सभी मतपेटियों को नियमानुसार सील कर प्रखंड कार्यालय स्थित डिस्पैच सेंटर से मनरेगा कार्यालय में बनाए गए मतगणना केंद्र तक पहुंचाया गया। इसके बाद कड़ी निगरानी के बीच मतों की गिनती की गई।
मतगणना पूरी होने के बाद सुनील सिंह को विजयी घोषित किया गया। लगातार दूसरी बार अध्यक्ष चुने जाने के बाद समर्थकों में उत्साह देखने को मिला। चुनाव परिणाम के साथ ही कायमनगर पैक्स में अध्यक्ष पद को लेकर चल रही चुनावी प्रक्रिया भी संपन्न हो गई।
