जिले में बढ़ते साइबर अपराध के खिलाफ धनबाद पुलिस ने ‘CYBER SHIELD’ नाम से विशेष अभियान शुरू किया है। इसी अभियान के तहत पुलिस ने निरसा थाना क्षेत्र के पिठाकियारी गांव में छापेमारी कर 11 संदिग्धों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार लोगों के पास से 2.85 लाख रुपये नकद, विभिन्न कंपनियों के 19 मोबाइल फोन, 7 एटीएम/डेबिट कार्ड, पासबुक, चेकबुक, 5 आधार कार्ड, 2 पैन कार्ड और साइबर फ्रॉड से जुड़े विवरण वाली एक डायरी बरामद की गई है।
बताया गया कि वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर ग्रामीण एसपी के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया था। टीम ने पिठाकियारी गांव में कार्रवाई करते हुए साइबर अपराध से जुड़े संदिग्धों को पकड़ा।
पुलिस बरामद सामान और दस्तावेजों की जांच कर रही है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर साइबर फ्रॉड से जुड़े अन्य लोगों और नेटवर्क के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।
