सुगौली के दो फरार अभियुक्तों पर 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित

सुगौली थाना क्षेत्र के अलग-अलग मामलों में फरार चल रहे दो अभियुक्तों पर मोतिहारी पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है।

एसपी की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, सुगौली थाना कांड से जुड़े फरार अभियुक्त मनोज साहनी और ब्रजकिशोर गुप्ता की गिरफ्तारी या उनकी गिरफ्तारी में मददगार सूचना देने वाले व्यक्ति को 10-10 हजार रुपये का इनाम दिया जाएगा।

दोनों फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है। साथ ही पुलिस उनके संबंध में जानकारी जुटाने में लगी है।

पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि दोनों अभियुक्तों के संबंध में कोई विश्वसनीय जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखने की बात भी पुलिस की ओर से कही गई है।