मोतिहारी में बर्थडे सेलिब्रेशन के बाद नहर में डूबे तीन दोस्त, मौत

मोतिहारी में बर्थडे सेलिब्रेशन की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब केक काटने के बाद नहर में स्नान करने गए तीन दोस्तों की डूबने से मौत हो गई। घटना बंजरिया प्रखंड और नवनिर्मित थाना भवन के नजदीक स्थित छठ घाट की बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, छह दोस्त दो बाइक से बर्थडे सेलिब्रेशन मनाने पहुंचे थे। केक काटने के बाद सभी नहर में स्नान करने लगे। इसी दौरान तीन युवक गहरे पानी में चले गए और डूब गए।

घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। ग्रामीण गोताखोरों ने चटी जाल की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद तीनों युवकों के शव बरामद किए।

ग्रामीणों का आरोप है कि घटना की सूचना दिए जाने के बावजूद NDRF और SDRF की टीम समय पर मौके पर नहीं पहुंची, जिसके बाद स्थानीय गोताखोरों ने ही तलाश अभियान चलाया। घटना के बाद मृतकों के परिजनों में मातम पसरा हुआ है।