कोइलवर थाने में चाइल्ड हेल्प डेस्क का शुभारंभ, बच्चों को मिलेगी तत्काल पुलिस सहायता

बच्चों की सुरक्षा को मजबूत करने और आपात स्थिति में उन्हें तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुक्रवार को कोइलवर थाने में चाइल्ड हेल्प डेस्क का शुभारंभ किया गया। डीएसपी सदर-2 रंजीत कुमार सिंह ने फीता काटकर हेल्प डेस्क का उद्घाटन किया। कार्यक्रम में कोइलवर कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय की छात्राओं ने भी भाग लिया।

डीएसपी रंजीत कुमार सिंह ने बताया कि बिहार सरकार के निर्देश पर राज्य के विभिन्न थानों में चाइल्ड हेल्प डेस्क शुरू की जा रही है। इसका उद्देश्य बच्चों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुनना और जरूरत पड़ने पर उन्हें तत्काल पुलिस सहायता उपलब्ध कराना है।

कोइलवर थाने की एसआई कुमारी नेहा को चाइल्ड हेल्प डेस्क की जिम्मेदारी सौंपी गई है। हेल्प डेस्क के माध्यम से बच्चों से जुड़ी समस्याओं, सुरक्षा संबंधी मामलों और आपात परिस्थितियों में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा।

बच्चे या उनके परिजन जरूरत पड़ने पर चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 पर सहायता प्राप्त कर सकते हैं। पुलिस की इस पहल से बच्चों को थाने में अपनी समस्या बताने के लिए एक समर्पित व्यवस्था उपलब्ध होगी।