कोइलवर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए धनडीहा गांव में झाड़ी से 113.28 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की है। पुलिस ने मौके से एक कथित शराब कारोबारी राजू शर्मा को गिरफ्तार किया है।
कोइलवर थानाध्यक्ष सुशांत कुमार मंडल ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि धनडीहा गांव में एक व्यक्ति अपने घर के बाहर झाड़ी में अलग-अलग ब्रांड की अंग्रेजी शराब छिपाकर बिक्री के लिए रखे हुए है। सूचना का सत्यापन करने के बाद पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान झाड़ी में छिपाकर रखी गई विभिन्न ब्रांडों की कुल 113.28 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की गई। पुलिस ने मौके से राजू शर्मा को गिरफ्तार कर लिया।
थानाध्यक्ष के अनुसार, मामले में शराब अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस शराब के स्रोत और इसके कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।
