प्रधानमंत्री के जन्मदिवस के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान 2026 एवं सेवा पखवाड़ा के तहत जमुआ प्रखंड कार्यालय परिसर में स्वास्थ्य शिविर सह लाभार्थी शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का आयोजन भाजपा प्रखंड अध्यक्ष बाल गोविंद यादव के नेतृत्व में किया गया।
शिविर में क्षेत्र के बड़ी संख्या में ग्रामीण और लाभार्थी पहुंचे। इस दौरान लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई। जांच के बाद चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों ने आवश्यक परामर्श दिया तथा जरूरत के अनुसार दवाइयां भी उपलब्ध कराई गईं।
शिविर के माध्यम से लोगों को स्वास्थ्य सुविधाओं के साथ विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई। लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया और पात्रता से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराई गई।
कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रीय विधायक ने ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनीं। लोगों ने अपनी विभिन्न समस्याओं से विधायक को अवगत कराया, जिस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों के समक्ष समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक पहल का आश्वासन दिया।
