मोतिहारी में अवैध हथियार के साथ एक गिरफ्तार, देसी कट्टा समेत हथियार बरामद

दरपा थाना पुलिस ने अपराध नियंत्रण को लेकर चलाए जा रहे अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके घर पर छापेमारी कर एक देसी कट्टा, तीन गोलियां, दो चाकू और लोहे की बड़ी तलवार बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, 3 अक्टूबर को दिवा गश्ती के दौरान सूचना मिली थी कि तिनकोनी निवासी 43 वर्षीय सुरेंद्र सिंह अपने घर में अवैध हथियार रखे हुए है और हथियार लहराकर लोगों को धमका रहा है। आरोप है कि वह अपनी पत्नी और बच्चे को जान से मारने की धमकी भी दे रहा था, जिससे आसपास के लोगों में भय का माहौल था।

सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने सुरेंद्र सिंह के घर पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान पुलिस ने एक देसी कट्टा, तीन गोलियां, दो चाकू और लोहे की बड़ी तलवार बरामद की। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।