राधानगर थाना क्षेत्र के मोहनपुर चौक के समीप रविवार की अहले सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले 55 वर्षीय गौर चंद्र बग़ती की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। उधवा-बरहरवा मुख्य सड़क किनारे शव मिलने की सूचना पर मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
परिजनों के अनुसार, गौर चंद्र बग़ती सुबह मॉर्निंग वॉक के लिए घर से निकले थे। इसी दौरान मोहनपुर चौक के पास अज्ञात अपराधियों ने उन पर हमला कर दिया। कुछ देर बाद स्थानीय लोगों ने उन्हें सड़क किनारे घायल अवस्था में पड़ा देखा। इसके बाद पुलिस और परिजनों को घटना की सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही राजमहल के एसडीपीओ विमलेश कुमार त्रिपाठी, इंस्पेक्टर राजीव रंजन, राधानगर थाना के एसआई गंगा प्रसाद यादव समेत पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। हत्या के कारणों और वारदात में शामिल आरोपियों का पता लगाने के लिए पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है।
