विशेष बच्चों की शिक्षा और पुनर्वास के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए धनबाद के पहले विशेष विद्यालय ‘पहला कदम’ की संचालिका एवं समाजसेवी अनीता अग्रवाल को सम्मानित किया गया। दिल्ली के ताज पैलेस होटल में आयोजित समारोह में उन्हें टाइम्स नाउ अमेजिंग इंडियन अवार्ड प्रदान किया गया। अडानी प्रेजेंट्स के तहत दिए गए इस सम्मान के लिए उनका चयन दिव्यांगता, विशेष बच्चों की शिक्षा और पुनर्वास के क्षेत्र में किए गए कार्यों के लिए किया गया।
सम्मान मिलने के बाद अनीता अग्रवाल ने कहा कि उनके दिव्यांग बेटे कौशल अग्रवाल के कारण विशेष बच्चों को शिक्षित करने और उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने का प्रयास शुरू हुआ। एक छोटे से स्कूल से शुरू हुआ यह सफर आज विशेष बच्चों को शिक्षित, सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के अभियान में बदल चुका है।
उन्होंने कहा कि ‘पहला कदम’ के माध्यम से विशेष बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ उनकी जरूरत के अनुरूप प्रशिक्षण और पुनर्वास की सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। संस्था के प्रयासों से अब तक सैकड़ों विशेष बच्चों को लाभ मिला है।
अनीता अग्रवाल ने कहा कि उनका उद्देश्य विशेष बच्चों को केवल शिक्षा देना ही नहीं, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर बनाकर समाज की मुख्यधारा से जोड़ना है। उन्होंने इस सम्मान को विशेष बच्चों, उनके अभिभावकों और संस्था से जुड़े सभी लोगों के प्रयासों को समर्पित किया।
