शनिवार की देर रात धनबाद के बरवाअड्डा इलाके में आग ने जमकर तांडव मचाया। मंदाकिनी उच्च विद्यालय के नजदीक स्थित सब्जी मंडी में अचानक आग लगने से करीब दर्जनभर दुकानें जलकर राख हो गईं। आग लगने की घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
बताया जा रहा है कि शनिवार की रात दुकानदार अपनी-अपनी दुकानें बंद कर घर चले गए थे। इसी दौरान मंडी में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटें तेज हो गईं और एक के बाद एक कई झोपड़ीनुमा दुकानें आग की चपेट में आ गईं।
आग इतनी भीषण थी कि दुकानों में रखा सामान और अन्य संपत्ति जलकर नष्ट हो गई। घटना की सूचना मिलते ही बरवाअड्डा पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
हालांकि, तब तक कई दुकानें पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थीं। आग की इस घटना से दुकानदारों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
