पश्चिम बंगाल के कुल्टी स्थित नियामतपुर इलाके में रविवार देर रात एक हाईराइज अपार्टमेंट कॉम्प्लेक्स में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, नियामतपुर चौकी पुलिस की तत्परता के चलते समय रहते अपार्टमेंट के सभी निवासियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे एक बड़ी दुर्घटना टल गई।
जानकारी के मुताबिक, नियामतपुर चौकी के ठीक पीछे स्थित अपार्टमेंट से देर रात अचानक धुआं निकलता हुआ दिखाई दिया। पुलिसकर्मियों की नजर जैसे ही धुएं पर पड़ी, वे तत्काल मौके पर पहुंचे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अपार्टमेंट के निवासियों को जगाया और उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला।
इसके साथ ही दमकल विभाग को आग की सूचना दी गई। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची और दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
पुलिस की तत्परता से समय रहते सभी लोगों को बाहर निकाल लिए जाने के कारण किसी बड़े जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है। पुलिस और दमकल विभाग की टीम मामले की जांच में जुटी है।
