देवरिया के खुखुंदू थाना परिसर से एक गंभीर मामला सामने आया है। यहां लॉकअप में बंद गांजा तस्करी के आरोपी की मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस विभाग ने कार्रवाई करते हुए थाना प्रभारी समेत तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है।
मृतक की पहचान अमरोहा निवासी ब्रिजपाल सिंह के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, लखनऊ एसटीएफ और खुखुंदू पुलिस की संयुक्त टीम ने नूनखार में एक डीसीएम ट्रक से डेढ़ क्विंटल से अधिक गांजा बरामद किया था। पुलिस के अनुसार, गांजा भूसी की बोरियों के बीच छिपाकर ले जाया जा रहा था।
इसी मामले में ब्रिजपाल सिंह को गिरफ्तार कर खुखुंदू थाने के लॉकअप में रखा गया था। शनिवार सुबह वह लॉकअप में मृत पाया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
घटना के बाद लॉकअप की सुरक्षा और निगरानी में कथित लापरवाही को लेकर पुलिस विभाग ने कार्रवाई की। थाना प्रभारी समेत तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
