उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले के छपिया ब्लॉक की आदर्श ग्राम पंचायत पिपरा खुर्द स्थित मॉडल प्राइमरी स्कूल को स्कूल वैन और सोलर पैनल की सौगात मिली है। मुख्यमंत्री द्वारा ग्राम पंचायत को पुरस्कार के रूप में दिए गए 15 लाख रुपये के अतिरिक्त बजट से बच्चों की सुविधा के लिए ई-रिक्शा स्कूल वैन खरीदी गई। इसके साथ ही स्कूल में स्मार्ट ब्लैक बोर्ड और सोलर पैनल की भी व्यवस्था की गई है।
शनिवार को गौरा विधायक प्रभात वर्मा और मुख्य विकास अधिकारी दयानंद प्रसाद ने स्कूल वैन और सोलर पैनल का उद्घाटन किया। इस दौरान स्कूली बच्चों को इन सुविधाओं की सौगात दी गई।
बताया गया कि ग्राम प्रधान समुन्दा देवी की पहल पर दूर-दराज से स्कूल आने वाले बच्चों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए स्कूल वैन की व्यवस्था की गई है। वहीं, सोलर पैनल से विद्यालय में बिजली की जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलेगी।
इस अवसर पर विधायक प्रभात वर्मा ने कहा कि क्षेत्र के परिषदीय विद्यालयों में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का माहौल देने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
