आर्य कन्या इंटर कॉलेज में निशुल्क दंत चिकित्सा शिविर, छात्राओं ने कराई दांतों की जांच

बच्चों में दांतों की सेहत को लेकर जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से रुड़की के आर्य कन्या इंटर कॉलेज में निशुल्क दंत चिकित्सा एवं स्वास्थ्य जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में छात्राओं ने पहुंचकर अपने दांतों की निशुल्क जांच कराई। चिकित्सकों ने छात्राओं को दांतों से जुड़ी सामान्य बीमारियों से बचाव के उपाय भी बताए।

ओरल हेल्थ अवेयरनेस की आयोजक वानिया गुप्ता के संयोजन में आयोजित शिविर में डॉ. वृत्ति गुप्ता ने छात्राओं के दांतों का परीक्षण किया। उन्होंने दांतों में होने वाली सामान्य समस्याओं, उनके कारणों और बचाव के तरीकों की जानकारी दी। साथ ही छात्राओं को नियमित रूप से दांतों की सफाई करने और खान-पान में सावधानी बरतने के लिए प्रेरित किया।

शिविर के दौरान छात्राओं को मौखिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने और किसी भी तरह की दंत समस्या होने पर समय पर चिकित्सकीय सलाह लेने की जानकारी दी गई। आयोजकों ने कहा कि इस तरह के स्वास्थ्य शिविरों का उद्देश्य बच्चों और युवाओं में बेहतर स्वास्थ्य आदतों को बढ़ावा देना है।